PATNA : बिहार (Bihar) में अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है. दिन में चिलचिलाती धूप से एक तरफ जहां पारा बढ़ रहा है तो वहीं रात होते ही थोड़ी ठंड का एहसास होने लगता है. पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी पटना के न्यूनतम तापमान में सामान्य से दो डिग्री की वृद्धि हुई. यहां का न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
दूसरी ओर सीतामढ़ी (पुपरी) में 9.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया जबकि 28.8 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर प्रदेश का गर्म स्थान रहा. पटना के अधिकतम तापमान में सामान्य से एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. यहां का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मौसम विज्ञानी की मानें तो प्रदेश में पछुआ हवा की गति 8-10 किमी प्रतिघंटा है. अगले चार दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने के साथ आसमान साफ रहेगा, वहीं 24 फरवरी को प्रदेश दक्षिण-पूर्व हिस्से के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया के एक या दो स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर की बारिश होने का पूर्वानुमान है.
इसके बाद यानी 26 फरवरी से प्रदेश के तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि होने के आसार हैं. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री सेल्सियस के बीच एवं औसत अधिकतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया.