PATNA : बिहार (Bihar) के शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए आज का दिन बहुत खास है। लगभग 32 महीने के इंतजार के बाद आज से करीब 42 हजार प्रारंभिक शिक्षक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलेगा। यह नियोजन इकाइयों के सदस्य सचिव के हस्ताक्षर से दिया जाएगा। इसमें योगदान करने वाले विद्यालय का नाम भी दर्ज होगा।
नियुक्ति पत्र पाने के पहले चयनित अभ्यर्थियों को शपथ पत्र देना होगा। हालांकि 42 हजार में से कुछ ऐसे भी चयनित होंगे जिनकी नियोजन इकाई में बधुवार को नियुक्ति पत्र नहीं बांटा जाएगा, बल्कि उन्हें अगले एक-दो दिन में यह मिलेगा। इसकी वजह बोर्ड की परीक्षा का 24 फरवरी तक आयोजन और नियोजन इकाई और संबंधित जिला शिक्षा प्रशासन की तैयारियों का नहीं होना है।
प्रारम्भिक शिक्षक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने के लिए चयनित अभ्यर्थियों के नाम और संख्या जिलों ने अपने एनआईसी पोर्टल पर अपलोड कर दी है। इसके मुताबिक 42047 प्रारंभिक शिक्षकों में सबसे अधिक 4794 दरभंगा जिले में हैं। मुजफ्फरपुर में 2429, समस्तीपुर में 2017, नालंदा में 1787, प. चंपारण में 1536, बांका में 1511, गया में 1466, औरंगाबाद में 1485, पटना में 1239 और भोजपुर में 1402 कैंडिडेट्स सेलेक्ट हुए हैं।
इसी तरह मधुबनी में 1342, रोहतास में 1361, भागलपुर में 1381, बेगूसराय में 1280, मधेपुरा में 1060, पूर्णिया में 1120, अररिया में 1069, वैशाली में 1060, सीतामढ़ी में 1148 जबकि पूर्वी चंपारण में 1078 नियुक्ति पत्र पाने के लिए चयनित हुए हैं। सबसे कम 119 लखीसराय में, 174 शिवहर, 282 शेखपुरा और अरवल में 343 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं।
23 फरवरी को सभी 38 जिलों में नियुक्ति पत्र बांटने की शुरुआत होगी। पटना समेत करीब डेढ़ से दो दर्जन जिले एक ही दिन में इसे पूर्ण करेंगे। हालांकि सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, बेगूसराय, समस्तीपुर, खगड़िया आदि बड़े जिलों में तीन दिनों 23, 24 और 25 को नियुक्ति पत्र वितरित किये जाएंगे। कहीं-कहीं यह प्रक्रिया 26 को भी चलने की उम्मीद है।
अपर मुख्य सचिव, नियुक्ति पत्र पाने वाले च्वाइस के आधार पर विद्यालय में पदस्थापित होंगे। जांच में सही पाए जाने वालों को वेतन मिलने लगेगा जबकि शेष का वेतन भुगतान सर्टिफिकेट जांच के बाद होगा। जांच के लिए 30 सितंबर तक मुकर्रर है।
शिक्षा विभाग ने 91 हजार प्रारंभिक शिक्षकों की नियुक्ति की अधिसूचना 5 जुलाई 2019 को जारी की थी। पहले शिड्यूल के मुताबिक 31 मार्च 2020 के पहले नियुक्ति पत्र मिल जाना था। लेकिन पहली बार 11 फरवरी 2020 को इसे स्थगित किया गया। फिर आठ-दस बार विभिन्न न्यायिक आदेशों से यह आगे बढ़ता रहा।
शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने 23 फरवरी से नियुक्ति पत्र बांटे जाने की घोषणा की। अपर मुख्य सचिव संजय कुमार के आदेश से सभी जिले अंतिम रूप दे चुके हैं। 42047 अभ्यर्थी चुने गये हैं हालांकि इनमें 900 की पात्रता (TET – STET) अमान्य है।